Anmol Sandesh News Desk,भोपाल
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 27 और 28 जून को बैतूल जिले के प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कुकरू के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। सतपुड़ा की वादियों में बसे इस पर्यटन स्थल पर मुख्यमंत्री ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे, स्थानीय विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और क्षेत्र को पर्यटन एवं कॉफी हब के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर मंथन करेंगे।
शाम को सनसेट पॉइंट का करेंगे अवलोकन
मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम लगभग 6:30 बजे कुकरू पहुंचेंगे। यहां पहुंचने के बाद वे प्रसिद्ध सनसेट पॉइंट का अवलोकन करेंगे। इसके बाद ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित रात्रि चौपाल में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी मुख्यमंत्री शामिल होंगे। उनका रात्रि विश्राम भी कुकरू में ही प्रस्तावित है।
सुबह करेंगे मेडिटेशन और कॉफी प्लांटेशन का निरीक्षण
28 जून की सुबह मुख्यमंत्री सनराइज पॉइंट और बुच पॉइंट पर मेडिटेशन करेंगे। इसके बाद वे—
- स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित गतिविधियों का अवलोकन करेंगे।
- पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे।
- ऐतिहासिक कॉफी प्लांटेशन का निरीक्षण करेंगे।
- स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण आजीविका से जुड़े कार्यों की जानकारी लेंगे।
पर्यटन विकास पर होगी अहम बैठक
फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री पर्यटन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है, जिनमें—
- होम-स्टे योजना
- इको टूरिज्म
- एडवेंचर टूरिज्म
- कॉफी टूरिज्म
- स्थानीय रोजगार
- कोदो-कुटकी की ब्रांडिंग
- पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं का विस्तार
जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। हालांकि इन प्रस्तावों पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
‘मन की बात‘ कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री शनिवार सुबह 10 बजे स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात‘ के सामूहिक श्रवण में भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12:10 बजे वे भोपाल के लिए रवाना होंगे।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुकरू में हेलीपैड तैयार कर लिया गया है। रात्रि चौपाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बैठक स्थलों पर अंतिम व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं। सुरक्षा, यातायात और अन्य प्रशासनिक इंतजाम भी पूरे कर लिए गए हैं।
क्यों खास है कुकरू?
बैतूल जिले की सतपुड़ा पर्वतमाला में स्थित कुकरू अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ठंडे मौसम और ऐतिहासिक कॉफी बागानों के कारण प्रदेशभर में प्रसिद्ध है। इसे “मिनी पचमढ़ी” भी कहा जाता है। यहां मध्य भारत का इकलौता पारंपरिक कॉफी एस्टेट स्थित है, जिसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योजना पर सरकार काम कर रही है।मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के पर्यटन, स्थानीय रोजगार, ग्रामीण विकास और कॉफी उद्योग को नई दिशा देने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
