Anmol Sandesh News Desk, भोपाल/इंदौर
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार, 14 जुलाई से इंदौर से भोपाल तक लगभग 200 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों—NEET UG परीक्षा, CBSE परीक्षा में कथित गड़बड़ियां, पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था—को लेकर निकाली जा रही है।

कहां से होगी शुरुआत?
यह साइकिल यात्रा 14 जुलाई, सोमवार को सुबह करीब 8 बजे इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) के पास स्थित आरएनटी (रवीन्द्र नाथ टैगोर) मार्ग से शुरू होगी। यात्रा इंदौर, देवास और सीहोर होते हुए राजधानी भोपाल पहुंचेगी।
हर जिले से जुड़ेंगे 500 साइकिल यात्री
कांग्रेस के मुताबिक, यात्रा के दौरान हर जिले से करीब 500 साइकिल यात्री अलग-अलग चरणों में शामिल होंगे। इस दौरान जीतू पटवारी युवाओं, छात्रों और स्थानीय नागरिकों से संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं को सुनकर सरकार तक पहुंचाने का दावा करेंगे।
पहले दिन आष्टा में होगा रात्रि विश्राम
इंदौर से रवाना होने के बाद यात्रा पहले दिन सीहोर जिले के आष्टा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद 15 जुलाई को यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा और यह भोपाल की ओर आगे बढ़ेगी।
यात्रा का उद्देश्य
कांग्रेस का कहना है कि यह यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज़ को बुलंद करने का अभियान है। पार्टी का दावा है कि शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर जनता को जोड़ने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।अब इस साइकिल यात्रा पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हैं। देखना होगा कि यह अभियान प्रदेश की राजनीति और युवाओं के बीच कितना असर छोड़ता है।
