Saturday, August 29, 2026
Homeअन्य राज्यनिलंबित CSP नेहा पच्चीसिया पर 10 हजार का इनाम, जमीन सौदेबाजी...

निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया पर 10 हजार का इनाम, जमीन सौदेबाजी कांड में फरार हैं CSP नेहा, विदेश भागने की आशंका के चलते लुकआउट नोटिस जारी

Anmol Sandesh News Desk,कटनी

जमीन सौदेबाजी कांड और इससे जुड़े अन्य मामलों में फरार चल रहीं निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने उनकी तलाश तेज करते हुए उन पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने नेहा पच्चीसिया समेत तीन फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) आरोपियों की तलाश में अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इस मामले में निलंबित सीएसपी के अलावा फाइनेंसर क्षितिज राज बारापात्रे और जमीन खरीदार मारुफ हनफी भी आरोपी बनाए गए हैं। तीनों के फरार होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के मोबाइल फोन बंद बताए जा रहे हैं और उनके संभावित ठिकानों पर भी ताले मिले हैं।

विदेश भागने की आशंका, लुकआउट नोटिस जारी

निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के विदेश भागने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने लुकआउट नोटिस भी जारी किया है। इसके जरिए देश के एयरपोर्ट समेत अन्य संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया गया है, ताकि आरोपी देश से बाहर जाने का प्रयास करे तो उसे रोका जा सके।

SIT द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस उनके संपर्क में रहे लोगों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

अग्रिम जमानत पर अदालत में सुनवाई

मामले में निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत याचिका पर कटनी न्यायालय में सुनवाई भी प्रस्तावित है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई और अदालत की कार्यवाही दोनों पर लोगों की नजर बनी हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और न्यायालय के आदेश के आधार पर होगी।

आखिर क्या है जमीन सौदेबाजी का पूरा मामला?

मामले की शुरुआत कुठला थाना क्षेत्र से जुड़े एक आपराधिक प्रकरण से हुई। जानकारी के अनुसार रमेश लोधी के बेटे पर एक आदिवासी युवक की हत्या के आरोप में मामला दर्ज हुआ था और उसे जेल भेज दिया गया था।

इसके बाद रमेश की ओर से आरोप लगाया गया कि मामले में राहत दिलाने के नाम पर उनसे 15 लाख रुपए की मांग की गई। आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा की भी भूमिका थी। जब परिवार इतनी रकम देने में असमर्थता जताने लगा तो कथित तौर पर जमीन बेचकर रकम जुटाने का रास्ता सुझाया गया।

परिवार के अनुसार रमेश की करीब दो हेक्टेयर जमीन के एक हिस्से का सौदा कराया गया। बताया गया कि जमीन की कीमत करीब 82 लाख रुपए थी, जबकि परिवार का आरोप है कि सौदा 1.07 करोड़ रुपए में हुआ और उन्हें कथित तौर पर केवल 18 लाख रुपए ही प्राप्त हुए।

इसी जमीन सौदे और उससे जुड़े आरोपों की जांच आगे बढ़ने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा और जांच के दायरे में निलंबित सीएसपी समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए।

सीएम के निर्देश के बाद हुई कार्रवाई

मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और पद के दुरुपयोग जैसे आरोपों से जुड़े प्रकरण दर्ज किए गए हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए SIT गठित की गई और अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पुलिस के सामने तीनों की गिरफ्तारी बड़ी चुनौती

एक ओर अदालत में अग्रिम जमानत को लेकर सुनवाई होनी है, वहीं दूसरी ओर पुलिस फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। तीनों आरोपियों के मोबाइल बंद होने और संभावित ठिकानों से गायब मिलने के बाद पुलिस तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र के जरिए उनकी लोकेशन तथा संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया और अन्य दोनों फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में कब आते हैं और जमीन सौदेबाजी से जुड़े आरोपों की जांच में आगे क्या खुलासा होता है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular