Anmol Sandesh News Desk,भोपाल
मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए गए हैं।

इन 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में श्योपुर, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर और पन्ना में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में करीब 4 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।इसके अलावा राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
अब तक सामान्य से 10% कम बारिश
मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री 24 जून को हुई थी। इसके बाद से अब तक प्रदेश में औसतन 325.1 मिमी (12.8 इंच) बारिश दर्ज की गई है।मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि तक करीब 359.6 मिमी (14.1 इंच) बारिश होनी चाहिए थी, यानी प्रदेश में अभी भी बारिश सामान्य से लगभग 10 प्रतिशत कम है।
बारिश की कमी में लगातार सुधार
हालांकि पिछले कुछ दिनों में बारिश की कमी तेजी से कम हुई है।
➡ 20 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य से 17% कम बारिश थी
➡ अब यह अंतर घटकर 10% रह गया है
पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश सामान्य से 13% कम, जबकि पश्चिमी हिस्से में करीब 6% कम दर्ज की गई है।
50 से ज्यादा जिलों में बारिश के आसार
IMD के अनुसार भोपाल, रायसेन, सीहोर, इंदौर, धार, झाबुआ, उज्जैन, देवास, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, रीवा, सतना, सागर समेत 50 से ज्यादा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
14 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
बारिश के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 14 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जबकि 41 जिले अभी भी सामान्य से कम बारिश वाले क्षेत्र में हैं।मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
