Anmol Sandesh News Desk,नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिन पूरे करते हुए उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2019 और 2024 में लगातार तीसरी बार जनता का जनादेश प्राप्त कर उन्होंने सत्ता की कमान संभाली। अब 4,399 दिन पूरे होने के साथ उन्होंने नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
कैबिनेट ने खड़े होकर किया अभिनंदन
प्रधानमंत्री मोदी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में विशेष प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक के दौरान सभी केंद्रीय मंत्रियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और प्रधानमंत्री को बधाई दी।मंत्रियों ने इसे भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए मोदी के नेतृत्व, जनविश्वास और देश के विकास में उनकी भूमिका की सराहना की।
भारत मंडपम में NDA का शक्ति प्रदर्शन
शाम को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में भाजपा और NDA शासित 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।बैठक के दौरान सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में देश की विकास यात्रा को नई दिशा मिलने की बात कही।
शुभेंदु अधिकारी ने अपने हाथों से खिलाई झालमुड़ी
बैठक के बाद एक दिलचस्प और चर्चा का विषय बनने वाला दृश्य भी सामने आया। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने हाथों से बंगाल की प्रसिद्ध झालमुड़ी परोसकर खिलाई।इस दौरान मौजूद नेताओं ने भी बंगाल के इस लोकप्रिय व्यंजन का स्वाद लिया। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झाड़ग्राम में झालमुड़ी खाते हुए प्रधानमंत्री मोदी का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल
भारत की आजादी के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू 15 अगस्त 1947 को प्रधानमंत्री बने थे। हालांकि लोकतांत्रिक चुनाव के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक रहा, जो कुल 4,398 दिनों का था।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4,399 दिन पूरे करते ही यह रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा लिया और देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए।
12 वर्षों में लिए कई ऐतिहासिक फैसले
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों के दौरान कई बड़े फैसले और योजनाएं लागू कीं। इनमें डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, जीएसटी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आत्मनिर्भर भारत अभियान, कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने जैसे फैसले प्रमुख रहे हैं।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लगातार तीन चुनावों में मिली सफलता और यह नया रिकॉर्ड प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और मजबूत जनाधार को दर्शाता है।देश की राजनीति में यह उपलब्धि एक नए कीर्तिमान के रूप में दर्ज हो गई है, जिसकी चर्चा देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो रही है।

