Anmol Sandesh News Desk, देहरादून
उत्तराखंड में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी देहरादून में सुबह से ही घने बादलों के कारण दिन में अंधेरा छा गया और तेज बारिश के साथ हवाएं चलने लगीं। सुबह करीब 7:30 बजे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। वहीं अल्मोड़ा में काले घने बादलों के बीच तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि टिहरी जिले में भी झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी।मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए 8 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर और चंपावत शामिल हैं।मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि, तेज से अति तेज बारिश और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। साथ ही 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
5 जिलों के लिए यलो अलर्ट
राज्य के बाकी 5 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
देहरादून में ओलावृष्टि का खतरा
राजधानी देहरादून में हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बुधवार को इन जिलों में हुई बारिश
इससे पहले बुधवार को नैनीताल, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में बारिश दर्ज की गई थी।

अगले 3 दिन का मौसम पूर्वानुमान
12 जून: राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना।
13 जून: पर्वतीय जिलों में बारिश और बौछारें जारी रहेंगी। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की बारिश के आसार हैं।
14 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश की संभावना। जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है।
