Saturday, July 25, 2026
Homeअन्य राज्यमॉनसून का कहर,गुजरात में बाढ़ से 5 मौतें, असम में 14 लोगों...

मॉनसून का कहर,गुजरात में बाढ़ से 5 मौतें, असम में 14 लोगों की गई जान… MP-UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट !

Anmol Sandesh News Desk,नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर

देश के कई हिस्सों में मानसून अब आफत बनकर बरस रहा है। गुजरात, असम, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। कहीं बाढ़ का संकट है तो कहीं सड़कें धंसने और जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

गुजरात में बाढ़ का कहर, 40 हजार से ज्यादा लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए

गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बारिश और बाढ़ से जुड़े हादसों में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है।प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज करते हुए 40,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।अहमदाबाद में भारी बारिश के चलते आज स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला लिया गया। शहर में कई जगह जलभराव और सड़क टूटने की घटनाएं सामने आई हैं।

अहमदाबाद में धंसी सड़क, बना 15 फीट चौड़ा गड्ढा

भारी बारिश का असर अहमदाबाद में भी देखने को मिला। नेहरू नगर रोड पर सहजानंद कॉलेज के पास सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। यहां करीब 10 फीट गहरा और 15 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

असम में बाढ़ से 24 घंटे में 14 मौतें, 7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

असम में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में 14 लोगों की मौत के बाद राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है।राज्य के 12 जिलों में 7.05 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राहत शिविरों में लोगों को पहुंचाया जा रहा है।

MP में 35 जिलों में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।पिछले कुछ दिनों से जारी भारी बारिश के चलते कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। प्रदेश में अब तक करीब 13 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है।

UP और राजस्थान में भी भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में पिछले 15 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को 30 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जगह बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।राजस्थान में भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कई हिस्सों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

अमरनाथ यात्रा फिर शुरू

खराब मौसम के कारण 6 दिनों से स्थगित अमरनाथ यात्रा शनिवार को फिर शुरू कर दी गई। मौसम में सुधार के बाद श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।

आने वाले दिनों में इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

27 जुलाई:

  • हिमाचल प्रदेश
  • उत्तराखंड
  • गुजरात
  • ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट

गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा:

  • पूर्वी मध्य प्रदेश
  • छत्तीसगढ़

26 जुलाई:

  • हिमाचल, उत्तराखंड, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, असम, मेघालय समेत कई राज्यों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग की चेतावनी

अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular