Monday, September 7, 2026
Homeअन्य राज्यSagar Liquor Tragedy: जहरीली शराब से 10 मौतों के बाद MP में...

Sagar Liquor Tragedy: जहरीली शराब से 10 मौतों के बाद MP में हड़कंप, CM मोहन यादव का सख्त एक्शन, कई इलाकों की शराब दुकानें सील; 25 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती !

Anmol Sandesh News Desk,भोपाल

मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में कथित जहरीली शराब पीने से मौतों का मामला सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अब तक 10 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 25 से ज्यादा लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की बात कही जा रही है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई है।

मौतों के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन

घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन आसपास के कई इलाकों की शराब दुकानों को सील कर दिया है। बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर और बरायठा की दुकानों से शराब के सैंपल लेकर जांच की जा रही है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि कथित दूषित शराब का स्रोत क्या है।

25 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती

प्रभावित लोगों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक कुछ मरीजों की हालत गंभीर है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।

CM मोहन यादव ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार ने साफ किया है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मौके पर सागर कमिश्नर, IG, कलेक्टर और SP समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। आबकारी विभाग भी पूरे मामले की जांच में जुटा है।

डिप्टी CM जगदीश देवड़ा ने जताया दुख

डिप्टी CM एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शराब पीने वालों के लिए प्रशासन की अपील

प्रशासन ने अपील की है कि जिन लोगों ने संदिग्ध शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच कराएं।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular