Anmol Sandesh News Desk,भोपाल
मध्य प्रदेश में विदेशी निवेश बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 9 सितंबर 2026 तक UAE के दुबई दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए दुनिया के बड़े निवेशकों और उद्योगपतियों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे।
MP में निवेश लाने पर फोकस
मुख्यमंत्री के साथ उद्योग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, पर्यटन समेत कई विभागों के अधिकारियों का दल भी दुबई गया है। दौरे का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक विकास, पर्यटन और विदेशी निवेश को बढ़ावा देना है।सरकार के मुताबिक, 2025 की Global Investors Summit में मध्य प्रदेश को करीब 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे। इनमें से 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के प्रस्ताव धरातल पर उतरने का दावा किया गया है। वहीं 2026 के पहले छह महीनों में 76,862 करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 82 हजार से अधिक रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।
CM मोहन यादव का Dubai दौरा—कब क्या होगा?
6 सितंबर: NRIs के साथ संवाद, ODOP स्टॉल का उद्घाटन और UAE के राजदूत व अरब संसद के अध्यक्ष से मुलाकात।
7 सितंबर: दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में बड़े निवेशकों और उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ राउंड टेबल मीटिंग।
8 सितंबर: वैश्विक व्यापारिक नेतृत्व और उद्योग समूहों के साथ वन-टू-वन बैठकें और संभावित साझेदारियों पर चर्चा।
9 सितंबर: निवेश अभियान के समापन के बाद दुबई से नई दिल्ली रवाना होंगे।
2027 की GIS पर नजर
दुबई दौरे को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली Global Investors Summit की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेश के लिए और आकर्षक बनाया जाए और ज्यादा से ज्यादा कंपनियों को प्रदेश में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया जाए।
