Anmol Sandesh News Desk,भोपाल
मध्य प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। बुंदेलखंड के दतिया, छतरपुर, खजुराहो और टीकमगढ़ में भी बादल जमकर बरस रहे हैं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
नदियां-नाले उफान पर, कई जगह बाढ़ जैसे हालात
लगातार बारिश के चलते प्रदेश की कई नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। नर्मदा समेत कई नदियां उफान पर हैं। भोपाल के भदभदा डैम सहित कई जलाशयों के गेट खोले गए हैं, जिससे नदी-नालों में पानी का बहाव तेज हो गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए SDRF और NDRF की टीमें अलर्ट मोड पर हैं।
12 जिलों में बारिश का कोटा पूरा, फिर भी बरस रहे बादल
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक भोपाल, राजगढ़, शिवपुरी, निवाड़ी, मैहर, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज और शहडोल में सीजन की बारिश सामान्य कोटे से आगे निकल चुकी है। इन जिलों में अब तक करीब 101% से 146% तक बारिश दर्ज की जा चुकी है। वहीं बुरहानपुर, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, अनूपपुर और उमरिया में भी 90% से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
आज पूरे MP में Yellow Alert
6 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश के सभी जिलों के लिए Yellow Alert जारी किया गया है। कुछ इलाकों में भारी बारिश, जबकि अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
MP में मानसून का डबल अटैक!
कोटा फुल होने के बाद भी बारिश जारी, नदियां उफान पर और डैम के गेट खुले—आने वाले घंटों में मौसम और बिगड़ सकता है।
