Anmol Sandesh News Desk,भोपाल
मध्य प्रदेश में मानसून ने दस्तक तो दे दी है, लेकिन फिलहाल इसकी रफ्तार थम गई है। 24 जून को प्रदेश के 15 दक्षिण-पूर्वी जिलों में प्रवेश करने के बाद पिछले तीन दिनों से मानसून आगे नहीं बढ़ा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में मौसम अनुकूल होने पर मानसून सबसे पहले भोपाल और उज्जैन संभाग में आगे बढ़ेगा, जबकि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में सबसे आखिर में पहुंचेगा।

43 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 43 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश की संभावना वाले प्रमुख जिले:
भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर।
इन जिलों में हल्की बारिश के आसार:
ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी और टीकमगढ़।
शुक्रवार को कई जिलों में झमाझम बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हुई।
- सिवनी में करीब 2 इंच बारिश दर्ज की गई।
- उज्जैन में डेढ़ इंच से ज्यादा पानी बरसा।
- शाजापुर के शुजालपुर और अकोदिया में मूसलाधार बारिश हुई।
- इसके अलावा इंदौर, राजगढ़, दतिया, शिवपुरी, मंडला, रीवा, सागर, बालाघाट, खंडवा, आगर-मालवा और मंदसौर सहित कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा।
बिजली गिरने और हादसों में 5 लोगों की मौत
बारिश के बीच कई दर्दनाक घटनाएं भी सामने आईं।
- बालाघाट के बैहर तहसील स्थित बिरवा ग्राम पंचायत में आकाशीय बिजली गिरने से 2 बच्चों सहित 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग झुलस गए।
- वहीं देवास के खटांबा गांव में सूरज पूजा के दौरान तेज आंधी से गैलरी गिरने पर 2 महिलाओं की मौत हो गई और एक बच्ची सहित 3 लोग घायल हो गए।
बारिश से तापमान में आई बड़ी गिरावट
लगातार बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान काफी नीचे आ गया।
- खरगोन – 30°C
- खंडवा – 30.1°C
- सागर – 31.1°C
- छिंदवाड़ा – 31.8°C
- बैतूल – 32.7°C
- सिवनी और उमरिया – 33.2°C
- धार – 33.4°C
- नर्मदापुरम – 33.8°C
बड़े शहरों का तापमान
- भोपाल – 33.8°C
- इंदौर – 33.8°C
- उज्जैन – 33.5°C
- जबलपुर – 36.7°C
- ग्वालियर – 41.8°C (सबसे गर्म)
बारिश के आंकड़ों में सुधार
प्रदेश में पिछले 72 घंटे से हो रही बारिश के कारण मानसून के आंकड़ों में सुधार देखने को मिला है।
- 1 जून से अब तक सामान्य बारिश: 99 मिमी
- अब तक हुई बारिश: 58.5 मिमी
- यानी प्रदेश में अभी भी 41% बारिश की कमी है।
हालांकि 24 जून तक यह कमी 50% थी, जो अब घटकर 41% रह गई है। यानी सिर्फ तीन दिनों में बारिश के आंकड़ों में 9 प्रतिशत सुधार हुआ है।

कहां कम और कहां ज्यादा बारिश?
सामान्य से कम बारिश:
अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, रीवा, सागर, सतना, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, सिवनी, शहडोल, उमरिया, धार, देवास, ग्वालियर, हरदा, झाबुआ, खंडवा, खरगोन, नर्मदापुरम, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, विदिशा सहित कई जिले।
सामान्य से ज्यादा बारिश:
भोपाल, सीहोर, इंदौर, बुरहानपुर, शाजापुर, आगर-मालवा, अशोकनगर, मंदसौर, नीमच और श्योपुर।
बड़े शहरों का मानसून रिकॉर्ड
- भोपाल: 2020 में जून में सबसे ज्यादा करीब 16 इंच बारिश, जबकि 2024 में 10.9 इंच बारिश दर्ज हुई।
- इंदौर: जून 1980 में 17 इंच से ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड, जबकि पिछले साल करीब 5.5 इंच बारिश हुई।
- ग्वालियर: 2019 में जून का तापमान 47.8°C तक पहुंचा था, जबकि 1952 में जून में 28 इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई।
- जबलपुर: पिछले 10 वर्षों में जून में औसतन मानसून की अच्छी शुरुआत रही है। 1998 में जून में करीब 30 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई थी।
- उज्जैन: 1970 में जून में 13.5 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी, जबकि 2025 में जून में 8 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।

