Anmol Sandesh News Desk, भोपाल।
MP Weather Update Today: मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई इलाकों में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह और देर रात ठिठुरन महसूस होने लगी है। इस सीजन में पहली बार प्रदेश के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी जिले के करौंदी में सबसे कम 8.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के कारण मध्य प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब 20 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।
कटनी में सबसे ज्यादा ठंड, करौंदी में 8.9 डिग्री पहुंचा पारा
प्रदेश में ठंड का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार 18 नवंबर को कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है।
इसके अलावा शहडोल के कल्याणपुर में 9 डिग्री, उमरिया में 10.9 डिग्री, रीवा में 11 डिग्री और दमोह में 11.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में पारा 11.9 डिग्री और राजधानी भोपाल में 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। खास बात यह रही कि जबलपुर और भोपाल में तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी के 13.4 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा।
हालांकि दिन के समय प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्मी का असर अभी बरकरार है। बुधवार को गुना में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी प्रदेश में सुबह-रात ठंड और दिन में गर्मी का मिला-जुला मौसम बना हुआ है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा तूफान, 20 जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती तूफान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मौसम बदलने की संभावना है। तूफान के 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और यनम के तटों से टकराने की संभावना जताई गई है। इस दौरान समुद्री तटीय इलाकों में 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इस मौसमी सिस्टम का असर केवल आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। मध्य प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र के लगभग 20 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इन 20 जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के पूर्वी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
अलर्ट वाले जिलों में छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं।
इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की आशंका भी है। मौसम में होने वाले इस बदलाव से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
भोपाल में कैसा रहा मौसम?
राजधानी भोपाल में बुधवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा। हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिली और हवा की रफ्तार 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रही। भोपाल में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
फिलहाल राजधानी में रात और सुबह के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी, रहें सतर्क
प्रदेश के जिन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। वहीं, किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने की जरूरत है।
