Anmol Sandesh News Desk,दिल्ली/भोपाल/लखनऊ/पटना/जयपुर/
देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं तेज बारिश और आंधी तबाही मचा रही है तो कहीं भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में पेड़ गिरने और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। दूसरी ओर दिल्ली और हरियाणा में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।
यूपी में हादसों में 7 की मौत
उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री से पहले मौसम सक्रिय हो गया है। सोमवार को लखनऊ समेत 15 जिलों में तेज बारिश हुई। मिर्जापुर में बारिश के बाद अंडरपास में करीब तीन फीट पानी भर गया।फिरोजाबाद में एक ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग घायल हो गए। वहीं बस्ती और महाराजगंज में आकाशीय बिजली गिरने से 2 लोगों की जान चली गई।
बिहार में बिजली गिरने से 4 मौतें
बिहार के 15 जिलों में आंधी और बारिश के दौरान सीतामढ़ी, मुंगेर और पटना में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग झुलस गए। मौसम विभाग ने पटना समेत 27 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और 1 जुलाई से भारी बारिश की चेतावनी दी है।
छत्तीसगढ़ में तीन की मौत
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 2 बच्चों और एक युवक की मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

MP और गुजरात में मानसून की रफ्तार धीमी
मानसून ने 24 जून को मध्य प्रदेश और गुजरात में प्रवेश किया था, लेकिन इसके बाद इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई। मौसम विभाग के अनुसार अब तक मानसून देश के 22 राज्यों को कवर कर चुका है और 5 जुलाई तक पूरे देश में पहुंचने की संभावना है।मध्य प्रदेश में मंगलवार को 50 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में 100 मिमी तक बारिश होने की संभावना है। 2 जुलाई से नया मौसम तंत्र सक्रिय होने के बाद बारिश और तेज हो सकती है।
दिल्ली-हरियाणा में गर्मी का प्रकोप
बारिश के बीच उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्मी भी बरकरार है। दिल्ली और हरियाणा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव की स्थिति बनी हुई है।

असम में बाढ़ से 22 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित
लगातार बारिश के कारण असम और अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार राज्य के 6 जिलों में 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। धेमाजी जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां करीब 16 हजार लोग बाढ़ की चपेट में हैं। 96 गांव जलमग्न हो चुके हैं और हजारों हेक्टेयर फसल के साथ बड़ी संख्या में पशुधन भी प्रभावित हुआ है।
अगले दो दिनों का मौसम पूर्वानुमान
- 1 जुलाई: छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, केरल, गोवा, तमिलनाडु, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है। बिहार में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
- 2 जुलाई: आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, बिजली चमकने पर खुले स्थानों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
