Wednesday, November 4, 2026
HomeHomeअमेरिकी मिडटर्म चुनाव में ट्रंप को बड़ा झटका कांग्रेस के दोनों सदनों...

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में ट्रंप को बड़ा झटका कांग्रेस के दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स का कब्जा, रामास्वामी भी हारे !

Anmol Sandesh News Desk, वॉशिंगटन।

US Midterm Elections 2026: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। चुनावी नतीजों ने अमेरिकी राजनीति में हलचल मचा दी है। विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) और सीनेट, दोनों में बहुमत हासिल कर लिया है। इसे राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व और उनकी नीतियों के खिलाफ जनता के बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को कई अहम सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है। डेमोक्रेट्स की इस जीत से अब अमेरिकी संसद में सत्ता का संतुलन बदल गया है। इसका सीधा असर ट्रंप सरकार के आगामी फैसलों, विधायी एजेंडे और राजनीतिक रणनीति पर पड़ सकता है।

चुनावी नतीजों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान भी सामने आया है। उन्होंने चुनाव परिणामों को स्वीकार करने और डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ मिलकर काम करने की बात कही है। न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक फोन इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि वह नतीजों को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

उन्होंने कहा, “मैं इन नतीजों को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। हम डेमोक्रेट्स के साथ काम करेंगे और उनके साथ मिलकर आगे बढ़ने का रास्ता निकालेंगे।” ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उनकी पार्टी को चुनाव में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है।

सीनेट और प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स का दबदबा

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव का सबसे बड़ा परिणाम यह रहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी ने कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लिया। सीनेट में बहुमत के लिए जरूरी सीटें जीतकर डेमोक्रेट्स ने रिपब्लिकन पार्टी से नियंत्रण छीन लिया है। वहीं प्रतिनिधि सभा में भी पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया।

इस बदलाव के बाद राष्ट्रपति ट्रंप के लिए अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाना पहले की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अब विपक्षी पार्टी को कानूनों, बजट और सरकार के कई अहम फैसलों पर प्रभावी भूमिका निभाने का मौका मिलेगा।

यह नतीजा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि मिडटर्म चुनाव को आमतौर पर मौजूदा राष्ट्रपति के कार्यकाल के शुरुआती प्रदर्शन पर जनता की राय के तौर पर देखा जाता है।

ट्रंप बोले- मैं अच्छा और बुरा राजनीतिक विश्लेषण करूंगा

चुनावी नतीजों के बीच ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक और दिलचस्प बयान दिया। उन्होंने कहा कि अब वह राजनीतिक ‘पंडित’ बनेंगे और चुनावी उम्मीदवारों की जीत-हार के कारणों का विश्लेषण करेंगे।

ट्रंप के मुताबिक, वह अच्छा और बुरा दोनों तरह का राजनीतिक विश्लेषण करेंगे। इसके बाद बताएंगे कि किन वजहों से कोई उम्मीदवार चुनाव जीतता है और किन कारणों से उसे हार का सामना करना पड़ता है।

उनके इस बयान को चुनावी नतीजों के बाद उनकी नई राजनीतिक भूमिका और भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

हार से पहले ट्रंप ने क्या कहा था?

चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने अपनी पार्टी की हार के लिए एक अलग तर्क भी दिया था। उन्होंने कहा था कि वह खुद चुनावी बैलेट पर उम्मीदवार के तौर पर मौजूद नहीं थे। अगर उनका नाम भी चुनाव में होता, तो रिपब्लिकन पार्टी को भारी बहुमत से जीत मिलती।

ट्रंप के इस बयान से साफ है कि वह चुनावी हार के बावजूद अपनी लोकप्रियता और राजनीतिक प्रभाव को लेकर आश्वस्त नजर आए। हालांकि, डेमोक्रेट्स की जीत ने उनके सामने नई राजनीतिक चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।

विवेक रामास्वामी को भी बड़ा झटका, एमी एक्टन ने दी शिकस्त

मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के साथ ही भारतीय मूल के नेता विवेक रामास्वामी को भी बड़ा झटका लगा है। ओहायो राज्य के गवर्नर पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन ने उन्हें हरा दिया है।

इस जीत के साथ एमी एक्टन ओहायो की पहली निर्वाचित महिला गवर्नर बनेंगी। खास बात यह है कि करीब 20 साल बाद ओहायो में डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार गवर्नर पद पर जीत हासिल करने में सफल हुआ है।

विवेक रामास्वामी को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन हासिल था। इसके बावजूद उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। एमी एक्टन ने अपने चुनाव प्रचार में महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। रामास्वामी की हार को रिपब्लिकन पार्टी के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।

ट्रंप के लिए आगे बढ़ेगी मुश्किलें?

मिडटर्म चुनाव के नतीजे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए आने वाले समय में राजनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं। कांग्रेस के दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स का बहुमत होने से सरकार के कई प्रस्तावों को मंजूरी दिलाना आसान नहीं होगा।

विपक्ष अब ट्रंप प्रशासन की नीतियों पर अधिक मजबूती से सवाल उठा सकेगा। साथ ही बजट, सरकारी खर्च, नियुक्तियों और विधायी फैसलों को लेकर भी राजनीतिक टकराव बढ़ने की संभावना है।

कुल मिलाकर मिडटर्म चुनाव ने अमेरिका की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया है। अब देखना होगा कि राष्ट्रपति ट्रंप इस चुनावी झटके के बाद अपनी रणनीति में क्या बदलाव करते हैं और डेमोक्रेट्स के बहुमत के बीच सरकार कैसे काम करती है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular