Thursday, June 4, 2026
Homeअन्य राज्यउत्तराखंडहर सांसद, मंत्री और विधायक करेंगे 24 घंटे का विधानसभा प्रवास, BJP...

हर सांसद, मंत्री और विधायक करेंगे 24 घंटे का विधानसभा प्रवास, BJP ने तैयार की चुनावी रणनीति,दिल्ली में बैठक

Anmol Sandesh News Desk, देहरादून

आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। दिल्ली में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में तय किया गया कि प्रदेश के प्रत्येक सांसद, मंत्री और विधायक को एक-एक विधानसभा क्षेत्र में 24 घंटे का प्रवास करना होगा।बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान चुनावी तैयारियों, संगठन विस्तार और हारी हुई सीटों पर विशेष फोकस को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

23 हारी हुई सीटों पर रहेगा विशेष फोकस

भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर कोर कमेटी के 17 सदस्यों को उन 23 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जहां पार्टी पिछले चुनाव में पराजित हुई थी। इन सदस्यों में पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं।इसके अलावा शेष विधानसभा क्षेत्रों में मंत्री और विधायक प्रवास करेंगे। कुछ सांसदों को दो से तीन विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। प्रवास के दौरान नेताओं को स्थानीय कार्यकर्ताओं, बूथ पदाधिकारियों और आम जनता से संवाद स्थापित करना होगा।

स्वच्छता और वृक्षारोपण कार्यक्रम होंगे अनिवार्य

24 घंटे के प्रवास के दौरान प्रत्येक नेता को स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करना अनिवार्य होगा। साथ ही उन्हें शक्ति केंद्रों की बैठकों में शामिल होकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करनी होगी।

प्रदेश में 2835 शक्ति केंद्रों के जरिए मजबूत होगी संगठनात्मक पकड़

भाजपा के प्रदेशभर में कुल 2835 शक्ति केंद्र हैं। शक्ति केंद्र संगठन की एक महत्वपूर्ण इकाई है, जो तीन से पांच मतदान केंद्रों के समूह से मिलकर बनती है। यह मंडल और बूथ स्तर के बीच सेतु का कार्य करती है तथा चुनाव प्रबंधन को प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाती है।पार्टी नेतृत्व ने निर्देश दिए हैं कि सभी प्रवास कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट संगठन को भेजी जाए, ताकि जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति का आकलन किया जा सके।

महेंद्र भट्ट संभालेंगे महामंत्री संगठन का अतिरिक्त प्रभार

भाजपा के पूर्व महामंत्री संगठन अजय कुमार को केंद्रीय नेतृत्व द्वारा राजस्थान भेजे जाने के बाद यह पद रिक्त हो गया था। फिलहाल केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को ही महामंत्री संगठन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। अब वे संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी और संचालन दोनों जिम्मेदारियां निभाएंगे।

विश्व पर्यावरण दिवस पर चलेगा वृक्षारोपण अभियान

भाजपा 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण अभियान चलाएगी। जिलों और मंडलों के स्तर तक आयोजित इस अभियान में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेकर पौधारोपण करेंगे।भाजपा की यह रणनीति आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और कमजोर सीटों पर पकड़ मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular