Anmol Sandesh News Desk, मथुरा
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा का वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात का वीडियो और तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहती हैं। इसी बीच प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े एक कथित दावे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर हाल ही में दावा किया गया कि विराट कोहली को वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम तक लाने के लिए कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। अब विराट कोहली की ओर से इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया गया है। उनके प्रवक्ता ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए आरोपों को झूठा, बेबुनियाद और तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है।
विराट कोहली के प्रवक्ता ने क्या कहा?
विराट कोहली के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा विराट कोहली को लेकर किए गए दावे पूरी तरह गलत हैं। प्रवक्ता के मुताबिक, विराट कोहली प्रेमानंद महाराज से किसी आर्थिक लाभ या प्रचार के उद्देश्य से नहीं, बल्कि गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण मिलने जाते हैं। बयान में मीडिया से भी अपील की गई कि इस तरह के दावों को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों की अच्छी तरह जांच की जाए और जिम्मेदारी के साथ रिपोर्टिंग की जाए।

किसने किया था 5 करोड़ रुपये का दावा?
दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा का एक कथित बयान वायरल हुआ था। इसमें दावा किया गया कि राजस्थान की एक निजी कंपनी ने विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम तक लाने के लिए कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इस दावे में यह भी आरोप लगाया गया था कि इसके पीछे प्रेमानंद महाराज के प्रचार और उनकी लोकप्रियता को बढ़ाने का उद्देश्य था। हालांकि, विराट कोहली की ओर से जारी बयान में इन सभी दावों को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया गया है।
अनुष्का के साथ कई बार पहुंच चुके हैं वृंदावन
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहले भी कई मौकों पर वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर चुके हैं। दोनों की महाराज से मुलाकात के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आती रही हैं। विराट और अनुष्का को प्रेमानंद महाराज के आश्रम में आध्यात्मिक चर्चा और आशीर्वाद लेते हुए देखा गया है। यही वजह है कि उनकी मुलाकात से जुड़ी कोई भी तस्वीर या वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती है।
दावे के बाद अब सामने आया आधिकारिक खंडन
5 करोड़ रुपये के कथित भुगतान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज होने के बाद अब विराट कोहली के प्रवक्ता का बयान सामने आया है। प्रवक्ता ने इन आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए कहा है कि विराट की प्रेमानंद महाराज के प्रति श्रद्धा ही उनके आश्रम जाने की वजह है।
