Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली
देशभर में बदले मौसम ने भीषण गर्मी से राहत दी है। मंगलवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु समेत 11 राज्यों में आंधी और बारिश दर्ज की गई। इसके चलते अधिकांश क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया।उत्तर प्रदेश के आगरा में करीब एक घंटे की तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई स्थानों पर सड़कें और फुटपाथ धंस गए, जिससे कारें, ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और ट्रक गड्ढों में पलट गए। वहीं मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि नीमच में जर्जर मकान की छत गिरने से मां-बेटे ने जान गंवा दी।जम्मू-कश्मीर के डोडा, किश्तवाड़ और पुंछ जिलों में बादल फटने की घटनाएं सामने आईं। कई रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए, सड़कें बंद हो गईं और वाहन मलबे में फंस गए। अनंतनाग जिले में तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
4 जून को केरल पहुंचेगा मानसून
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल तट पर पहुंच सकता है। पहले इसके 26 मई को पहुंचने का अनुमान लगाया गया था। सामान्यतः मानसून 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है और अगले डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर कर लेता है।मौसम विभाग ने बताया कि 2 से 6 जून के बीच केरल के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहेगी। मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य 11 जिलों में यलो अलर्ट लागू है।

अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
4 जून
- राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट।
- अंडमान-निकोबार, केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना।
- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि के आसार।
5 जून
- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना।
- केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में व्यापक वर्षा का अनुमान।
- पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश और तूफान का असर रहेगा।
राज्यों का हाल
मध्य प्रदेश
प्रदेश में हीटवेव का असर लगभग खत्म हो गया है। अधिकांश शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन समेत 36 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। नीमच, मंदसौर और आगर-मालवा में 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान
नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है। बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। कई क्षेत्रों में 70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बिहार
कैमूर जिला 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा। कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया और पटना में हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है। कुछ क्षेत्रों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
हरियाणा
दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से मौसम बदला हुआ है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी में बारिश और 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

