Friday, June 5, 2026
HomeVideosविश्व पर्यावरण दिवस पर CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान,कोलारस में फिर...

विश्व पर्यावरण दिवस पर CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान,कोलारस में फिर शुरू होगी शुगर फैक्ट्री, गैस त्रासदी पर कांग्रेस को घेरा

Anmol Sandesh News Desk, भोपाल

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ करते हुए पर्यावरण संरक्षण, किसानों की समृद्धि और प्रदेश के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कोलारस में बंद पड़ी शुगर फैक्ट्री को फिर से शुरू करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता जताई, वहीं भोपाल गैस त्रासदी के मुद्दे पर कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला।

कोलारस में फिर चलेगी शुगर फैक्ट्री

मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलारस क्षेत्र में पहले संचालित शुगर फैक्ट्री बंद हो चुकी है, जिसे पुनः शुरू करने के लिए सरकार प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की मांग और आवश्यकता के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी शुगर फैक्ट्री स्थापित करने की जरूरत होगी तो सरकार उस दिशा में भी कदम उठाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में शुगर उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार हुआ है, जिसका लाभ उद्योगों को भी मिलेगा।

गैस त्रासदी को लेकर कांग्रेस पर निशाना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल गैस त्रासदी का जिक्र करते हुए कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने यूनियन कार्बाइड के दोषियों को विशेष विमान उपलब्ध कराकर देश से बाहर जाने में मदद की थी। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने उसी कारखाने के जहरीले कचरे को हटाने और उसके सुरक्षित निस्तारण का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि यह दोनों सरकारों की कार्यशैली और सोच का अंतर दर्शाता है। भविष्य में यूनियन कार्बाइड परिसर का जनहित में बेहतर उपयोग किया जाएगा।

पौधों में भी होता है जीवन: मुख्यमंत्री

राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में प्रकृति और वृक्षों को विशेष स्थान दिया गया है। सृष्टि में हर कदम पर यत पिंडे तत ब्रह्मांडे की रचना है। हर काम में पौधों का महत्व है। भगवान को भोग भी लगाएंगे तो तुलसी दल के बिना भोग नहीं लगता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान भी अब यह स्वीकार कर चुका है कि पौधों में जीवन होता है। भारतीय संस्कृति में वृक्षों को पुत्र समान माना गया है और एक पेड़ का महत्व दस पुत्रों के बराबर बताया गया है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना

प्रधानमंत्री Narendra Modi के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार और निर्बाध रूप से देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, आर्थिक चुनौतियों और वैश्विक संकटों से निपटने में प्रधानमंत्री ने असाधारण नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है।

एक लाख पौधे लगाने का संकल्प

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपेक्स बैंक परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि सहकारी बैंकिंग तंत्र के माध्यम से प्रदेशभर में एक लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन आंदोलन बनाया जाएगा।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular