Friday, August 7, 2026
Homeअन्य राज्यभोपाल में BRICS सम्मेलन का दूसरा दिन,संस्कृति सहयोग पर मंथन, शाम को...

भोपाल में BRICS सम्मेलन का दूसरा दिन,संस्कृति सहयोग पर मंथन, शाम को होगा भव्य सांस्कृतिक महोत्सव !

Anmol Sandesh News Desk, भोपाल

राजधानी भोपाल में आयोजित BRICS सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 का आज दूसरा दिन बेहद अहम माना जा रहा है। कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में BRICS देशों के प्रतिनिधि संस्कृति मंत्रियों के घोषणा-पत्र के मसौदे और भविष्य के सांस्कृतिक सहयोग पर गहन चर्चा करेंगे।

इन मुद्दों पर होगा मंथन

बैठक में सदस्य देश सांस्कृतिक विरासत संरक्षण, संग्रहालयों का विकास, रचनात्मक उद्योग (Creative Economy), सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और लोगों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा करेंगे। कार्य समूह की सिफारिशें आगामी मंत्रिस्तरीय बैठक का आधार बनेंगी।

शाम को सजेगा BRICS Cultural Festival

रवींद्र भवन में शाम को आयोजित होने वाले BRICS सांस्कृतिक महोत्सव में भारत सहित सदस्य और भागीदार देशों के कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।

मुख्य आकर्षण होंगे—

  • BRICS Peace Song – “Peace is the Language of the Land”
  • Colors of Indian Music
  • Peace to All, Harmony to All
  • Crescendo of Unity

इसके अलावा मिस्र, रूस, ब्राजील, चीन, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, ईरान, यूएई सहित कई देशों के कलाकार अपनी पारंपरिक संगीत और लोक संस्कृति की झलक पेश करेंगे।

‘अमृतस्य मध्य प्रदेश’ बनेगा आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम का सबसे भव्य आकर्षण होगा अमृतस्य मध्य प्रदेश एक अलौकिक सांस्कृतिक महायात्रा”, जिसमें 125 से अधिक कलाकार भीमबेटका, सांची, खजुराहो, चित्रकूट, महाकाल, ओंकारेश्वर, मां नर्मदा, महेश्वरी-चंदेरी और मध्यप्रदेश की जनजातीय संस्कृति को शानदार नृत्य एवं संगीत के माध्यम से जीवंत करेंगे।

आम जनता के लिए खुली हैं विशेष प्रदर्शनियां

मिंटो हॉल परिसर में लगी तीन विशेष प्रदर्शनियां—

  • ज्ञान भारतम
  • प्रोजेक्ट मौसम
  • प्रोजेक्ट बृहत्तर भारत

इनमें भारत की पांडुलिपि विरासत, समुद्री सांस्कृतिक संबंध, सभ्यतागत जुड़ाव और सांस्कृतिक कूटनीति को प्रदर्शित किया जा रहा है। अच्छी बात यह है कि ये प्रदर्शनियां आम जनता के लिए भी खुली हैं।

विदेशी मेहमानों के लिए MP का स्वाद

प्रतिनिधियों को दाल बाफले, निमोना, रिकमच, गुइया की सब्जी, चंबल का थोपा, चंदिया, बड़ा, कोदो और कुटकी जैसे पारंपरिक व्यंजन परोसे जा रहे हैं। साथ ही उनकी पसंद को ध्यान में रखते हुए वेस्टर्न और ओरिएंटल व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

आगे का कार्यक्रम

8 अगस्त को भारत की अध्यक्षता में तीसरी BRICS संस्कृति मंत्रियों की बैठक होगी, जिसमें साझा BRICS Culture Ministers Declaration को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद विदेशी प्रतिनिधिमंडल यूनेस्को विश्व धरोहर सांची स्तूप का भ्रमण करेगा, जहां योग, ध्यान और भव्य 3D लाइट एंड साउंड शो का आयोजन भी होगा। इच्छुक प्रतिनिधियों के लिए 9 अगस्त को भीमबेटका शैलाश्रयों के भ्रमण की भी व्यवस्था की गई है।भोपाल इन दिनों केवल एक शहर नहीं, बल्कि दुनिया के सामने भारत की सांस्कृतिक विरासत, विविधता और वसुधैव कुटुम्बकम्की भावना का वैश्विक मंच बन गया है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular