Thursday, October 1, 2026
Homeअन्य राज्यDrishyam 3 Advance Booking: रिलीज से पहले ही ‘दृश्यम 3’ का धमाका,...

Drishyam 3 Advance Booking: रिलीज से पहले ही ‘दृश्यम 3’ का धमाका, एडवांस बुकिंग में ₹17 करोड़ पार; 2.2 लाख टिकट बिके

Anmol Sandesh News Desk,नई दिल्ली 

बॉलीवुड स्टार अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हलचल पैदा कर रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग 27 सितंबर से शुरू हुई थी और शुरुआती आंकड़े दर्शकों की मजबूत दिलचस्पी दिखा रहे हैं। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

एडवांस बुकिंग में 17 करोड़ से ज्यादा की कमाई

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज से करीब तीन दिन पहले तक ‘दृश्यम 3’ की एडवांस बुकिंग ₹17 करोड़ से ज्यादा के ग्रॉस कलेक्शन तक पहुंच गई है। ओपनिंग डे के लिए करीब 2.2 लाख टिकट पहले ही बिक चुके हैं। महाराष्ट्र एडवांस बुकिंग में आगे है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में भी टिकटों की बिक्री तेज बनी हुई है। इससे पहले शुरुआती 48 घंटों में फिल्म के 4 लाख से ज्यादा टिकट बिकने और ₹10 करोड़ से ज्यादा ग्रॉस एडवांस कलेक्शन की रिपोर्ट सामने आई थी।

‘दृश्यम 2’ की एडवांस बुकिंग का आंकड़ा पीछे

साल 2022 में रिलीज हुई ‘दृश्यम 2’ ने अपने ओपनिंग डे की एडवांस बुकिंग से करीब ₹5.09 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया था। मौजूदा रिपोर्ट्स के अनुसार ‘दृश्यम 3’ रिलीज से पहले ही इस आंकड़े को पार कर चुकी है। फिल्म की एडवांस बुकिंग लगातार बढ़ रही है। हालांकि, एडवांस बुकिंग के आंकड़े रिलीज के बाद होने वाली वास्तविक कमाई की गारंटी नहीं देते।

2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ तब्बू, श्रिया सरन, राजत कपूर, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और कमलेश सावंत भी अपनी भूमिकाओं में वापसी कर रहे हैं। फिल्म में जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

क्या है फिल्म को लेकर खास?

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों में विजय सालगांवकर और उसके परिवार की कहानी ने दर्शकों के बीच खास दिलचस्पी पैदा की थी। तीसरी फिल्म को फ्रेंचाइजी का फाइनल पार्ट बताया जा रहा है। अब कहानी किस मोड़ पर खत्म होगी और विजय सालगांवकर परिवार के सामने आई मुश्किलों का सामना कैसे करेगा, यह फिल्म की रिलीज के बाद ही साफ होगा।

 

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular