Tuesday, June 16, 2026
HomeVideosमानसून 48 से 72 घंटे में MP पहुंचेगा, यूपी के 32 जिलों...

मानसून 48 से 72 घंटे में MP पहुंचेगा, यूपी के 32 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट; राजस्थान समेत 20 राज्यों में बारिश की संभावना

Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना

देशभर में मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून अब तक 19 राज्यों में पहुंच चुका है और अगले 48 से 72 घंटे के भीतर इसके मध्य प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। वहीं देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत 20 से अधिक राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश के करीब 30 जिलों में बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश के 32 जिलों में भी तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक जल्द

मध्य प्रदेश में प्री-मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। बीते 24 घंटों के दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, विदिशा और कई अन्य जिलों में बारिश दर्ज की गई। भोपाल और इंदौर में तेज हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची।मौसम विभाग ने भोपाल और ग्वालियर संभाग में अगले दो दिनों तक बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के लगभग 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

यूपी में 20 जून तक पहुंच सकता है मानसून

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदल चुका है। सोमवार को प्रदेश के 32 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 से 20 जून के बीच मानसून सोनभद्र और ललितपुर के रास्ते प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। हालांकि अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी भी दर्ज की जा सकती है।

राजस्थान में तीन दिन तक बारिश का दौर

राजस्थान के 15 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को जयपुर, चित्तौड़गढ़ सहित कई जिलों में बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ में लगभग एक इंच वर्षा दर्ज की गई।प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं फलोदी 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा।

बिहार में मानसून के बावजूद गर्मी बरकरार

बिहार के 19 जिलों में सोमवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मानसून की एंट्री होने के बावजूद कई जिलों में गर्मी का असर बना हुआ है।रविवार को शेखपुरा 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा। वहीं मोतिहारी और कैमूर में भी तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

दिल्ली-NCR में राहत की बारिश

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। सोमवार को हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

महाराष्ट्र में हीटवेव का असर जारी

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में 17 जून तक और विदर्भ में 16 जून तक लू की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार कोंकण और गोवा में 17 जून तक उमस भरा मौसम बना रहेगा।कुछ इलाकों में रात के समय भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

अगले दो दिनों का मौसम पूर्वानुमान

16 जून

  • बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की संभावना।
  • बिहार में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
  • असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट।
  • तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना।
  • राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में गरज-चमक के साथ बारिश।

17 जून

  • सिक्किम, उत्तर बंगाल, असम और मेघालय में भारी बारिश।
  • राजस्थान और मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश।
  • झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ वर्षा।
  • महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना।

इन राज्यों में भी अलर्ट

  • पंजाब: 6 जिलों में बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान।
  • हरियाणा: 15 जिलों में बारिश की संभावना, अगले पांच दिनों में तापमान 6 डिग्री तक बढ़ सकता है।
  • हिमाचल प्रदेश: 20 जून के बाद मानसून की एंट्री संभव, अगले छह दिनों तक बारिश का अलर्ट।
  • उत्तराखंड: पांच जिलों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी।
  • छत्तीसगढ़: अगले पांच दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना, बस्तर संभाग में जल्द मानसून की एंट्री हो सकती है।

देशभर में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ मौसम लगातार करवट ले रहा है। आने वाले दिनों में कई राज्यों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश और आंधी लोगों की परेशानी भी बढ़ा सकती है।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular