Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
मध्य प्रदेश में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। भोपाल से लेकर इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, सतना, खरगोन, बैतूल और मंडला तक तिरंगा फहराया गया और कई जगह परेड आयोजित हुई।भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने युवाओं, रोजगार, निवेश और स्टार्टअप को लेकर कई बड़े ऐलान किए।
1. हर साल 1 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर
CM मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में हर साल सार्वजनिक क्षेत्र में 1 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।साथ ही अगले एक साल में 1 लाख युवाओं को ITI और 10 हजार युवाओं को ग्लोबल स्किल पार्क के जरिए ट्रेनिंग देने की बात कही गई।
2. 2027 होगा ‘युवा वर्ष’
मुख्यमंत्री ने 2027 को मध्य प्रदेश में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की। सरकार का फोकस युवाओं के लिए रोजगार, स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप और निवेश को बढ़ावा देने पर रहेगा।
3. प्रदेश में बनेंगे 100 नए Incubation Centre
युवाओं के स्टार्टअप और नए बिजनेस आइडिया को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 100 नए इन्क्यूबेशन सेंटर बनाए जाएंगे।CM के मुताबिक, प्रदेश में आए 34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश धरातल पर आ चुका है।

4. भोपाल में 2027 में Global Investors Summit
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि अगली Global Investors Summit 2027 में भोपाल में आयोजित की जाएगी।इसके अलावा धार में 21,500 करोड़ रुपये के PM मित्र पार्क का भी जिक्र किया गया।
5. किसानों और सिंचाई पर भी फोकस
CM ने किसानों की जमीन अधिग्रहण के मामले में चार गुना मुआवजे और प्रदेश में सिंचाई क्षमता बढ़ाने की दिशा में काम करने की बात कही।
स्वतंत्रता दिवस पर हादसों ने भी झकझोरा
जहां प्रदेशभर में जश्न का माहौल रहा, वहीं कुछ दुखद घटनाएं भी सामने आईं। रीवा में स्कूल परिसर के गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दतिया में तिरंगा लगाने के दौरान एक छात्र की करंट लगने से जान चली गई।इंदौर के धमनाई पंचायत के सोनगुड़िया स्कूल में बच्चों को बांटे गए करीब 40 किलो लड्डुओं में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई। लड्डू खाने के बाद दो बच्चों के पेट में दर्द होने की बात भी सामने आई है।बालाघाट में सरेंडर कर चुके नक्सलियों की स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में मौजूदगी भी चर्चा में रही।एक तरफ MP में युवाओं के लिए रोजगार, स्किल और स्टार्टअप पर बड़े ऐलान, तो दूसरी तरफ स्वतंत्रता दिवस पर सामने आईं दर्दनाक घटनाओं ने भी सबका ध्यान खींचा।
