Anmol Sandesh News Desk,भोपाल
NEET-UG परीक्षा को लेकर मध्य प्रदेश में व्यापक तैयारियां की गई हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की सुविधा के लिए रेलवे ने इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। वहीं परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही की गुंजाइश न रहे।प्रदेश की राजधानी भोपाल में अकेले 13,774 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे, जैमर, बैकअप बिजली व्यवस्था और दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है।
कलेक्टर ने ली केंद्र प्रभारियों की बैठक
भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सभी परीक्षा केंद्र प्रभारियों के साथ बैठक कर ट्रैफिक प्रबंधन, समयबद्ध पहुंच और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। छात्रों को समय की सटीक जानकारी मिल सके, इसके लिए प्रत्येक केंद्र के बाहर बड़ी डिजिटल घड़ियां लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्रों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने NEET अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे, जिनमें 13 स्लीपर, 2 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआर/डी कोच शामिल रहेंगे।
इंदौर-भोपाल स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
गाड़ी संख्या 09354 20 जून को इंदौर से सुबह 11:25 बजे रवाना होगी। यह फतेहाबाद, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और बैरागढ़ होते हुए भोपाल पहुंचेगी।
वापसी का शेड्यूल
गाड़ी संख्या 09353 20 जून को भोपाल से शाम 7:40 बजे रवाना होकर संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन और नागदा होते हुए रतलाम पहुंचेगी।
सुरक्षा पर विशेष फोकस
परीक्षा के दौरान केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। CCTV कैमरों के साथ जैमर लगाए जाएंगे, जबकि पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।छात्रों और अभिभावकों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
