Anmol Sandesh News Desk,उज्जैन
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर Yuzvendra Chahal शुक्रवार तड़के विश्व प्रसिद्ध Mahakaleshwar Jyotirlinga मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान महाकाल की दिव्य भस्म आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।

चहल सुबह करीब 3 बजे मंदिर पहुंचे और नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की अलौकिक भस्म आरती का दर्शन किया। इस दौरान वे पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ आराधना में लीन नजर आए। करीब दो घंटे तक चले इस आध्यात्मिक अनुष्ठान के बाद उन्होंने नंदी महाराज का पूजन-अभिषेक किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही।

इसके बाद चहल ने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर विशेष पूजा करवाई। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका सम्मान भी किया गया।

दर्शन के बाद भावुक नजर आए चहल ने कहा, “महाकाल के दर्शन के बाद जो अनुभूति हुई है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। जब भी बाबा महाकाल का बुलावा आएगा, मैं यहां दर्शन के लिए जरूर आऊंगा।”क्रिकेटर के महाकाल दर्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। फैंस उनके आध्यात्मिक रूप की जमकर सराहना कर रहे हैं।
