Anmol Sandesh News Desk,मैक्सिको
फुटबॉल वर्ल्ड कप का शानदार आगाज गुरुवार रात मैक्सिको में हुआ। 39 दिनों तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी में विश्व प्रसिद्ध पॉप स्टार शकीरा और नाइजीरियाई सिंगर बर्ना बॉय ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। दोनों कलाकारों ने FIFA का ऑफिशियल एंथम ‘डाई-डाई’ गाकर स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।करीब दो घंटे तक चली भव्य ओपनिंग सेरेमनी के बाद FIFA अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने हॉलीवुड अभिनेत्री सलमा हाएक की मौजूदगी में विश्व कप ट्रॉफी का अनावरण किया। समारोह में कोलंबियाई स्टार सिंगर जे बलवीन ने भी शानदार प्रस्तुति दी।
ओपनिंग मैच में मैक्सिको की दमदार जीत
ओपनिंग मुकाबले में मेजबान मैक्सिको ने साउथ अफ्रीका को 2-0 से हराकर टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया। मैक्सिको सिटी के ऐतिहासिक एज्टेका स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जूलियन क्विनोनेस और राउल जिमेनेज ने गोल दागे।मैक्सिको को मैच के 9वें मिनट में बढ़त मिली, जब जूलियन क्विनोनेस ने साउथ अफ्रीका के गोलकीपर रोनवेन विलियम्स की गलती का फायदा उठाकर टूर्नामेंट का पहला गोल दाग दिया। इसके बाद 67वें मिनट में राउल जिमेनेज ने शानदार हेडर लगाकर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी।

जिमेनेज की प्रेरणादायक वापसी
मैक्सिको की जीत के हीरो रहे 35 वर्षीय स्ट्राइकर राउल जिमेनेज का सफर संघर्षों से भरा रहा है। वर्ष 2020 में इंग्लिश प्रीमियर लीग के दौरान उनकी खोपड़ी में गंभीर फ्रैक्चर हो गया था। डॉक्टरों को संदेह था कि वे दोबारा पेशेवर फुटबॉल खेल पाएंगे या नहीं, लेकिन जिमेनेज ने हार नहीं मानी और आठ महीने की लंबी रिकवरी के बाद मैदान पर शानदार वापसी की। आज भी वे सुरक्षा के लिए विशेष हेडबैंड पहनकर खेलते हैं।
मुकाबले में दिखे तीन रेड कार्ड
मैच के दूसरे हाफ में साउथ अफ्रीका के स्पेफेलो सिथोले को 49वें मिनट में रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद 84वें मिनट में थेम्बा ज्वाने भी रेड कार्ड मिलने के कारण मैदान से बाहर हो गए। इंजरी टाइम में मैक्सिको के सेसर मोंटेस को भी रेड कार्ड दिखाया गया। इस तरह मुकाबले में कुल तीन रेड कार्ड देखने को मिले।
वर्ल्ड कप के बीच विरोध प्रदर्शन
वर्ल्ड कप के भव्य आयोजन के बीच मैक्सिको में विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला। शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने बेहतर वेतन और सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार सामाजिक समस्याओं की अनदेखी कर विश्व कप आयोजन पर अधिक ध्यान दे रही है।मैक्सिको की जीत के साथ फुटबॉल वर्ल्ड कप का रोमांचक सफर शुरू हो चुका है और अब दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों की नजरें आगामी मुकाबलों पर टिकी हैं।
