Monday, June 15, 2026
Homeदेश-विदेश‘दिल दहल गया, कोई तीसरा रच रहा साजिश’, प्रिंस यादव की मौत...

‘दिल दहल गया, कोई तीसरा रच रहा साजिश’, प्रिंस यादव की मौत पर भावुक हुए खान सर,निष्पक्ष जांच की मांग

Anmol Sandesh News Desk,पटना

पटना के चर्चित कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले के बीच एक नया मोड़ सामने आया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। इसी बीच खान सर ने एक भावुक वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।प्रिंस यादव, खान सर की कोचिंग के बाहर हुई फायरिंग की घटना में आरोपी थे और घटना के बाद से फरार चल रहे थे। नेपाल में उनकी संदिग्ध मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर खान सर को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

‘खबर सुनकर पैरों तले जमीन खिसक गई’

वीडियो संदेश में खान सर ने कहा कि प्रिंस यादव की मौत की खबर सुनकर वे स्तब्ध रह गए। उन्होंने कहा, “आज बहुत भारी मन से बात कर रहा हूं। प्रिंस यादव की मौत की खबर सुनते ही मेरे पैरों तले जमीन खिसक गई। किसी भी परिवार के लिए इससे बड़ा दुख नहीं हो सकता।”खान सर ने कहा कि समय ने ऐसा मोड़ ले लिया है जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया।

‘कोई तीसरा व्यक्ति साजिश कर रहा है’

सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए खान सर ने कहा कि उन्हें लगता है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कोई तीसरा व्यक्ति या समूह साजिश रच रहा है।उन्होंने कहा, “इतना अमानवीय कृत्य कोई कैसे कर सकता है? इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए।”

पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

खान सर ने मांग की कि प्रिंस यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए ताकि मौत के कारणों को लेकर फैल रही अटकलों पर विराम लग सके।उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

मीडिया से भी की अपील

खान सर ने मीडिया संस्थानों से भी अपील की कि बिना पुष्टि के खबरें प्रसारित न की जाएं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में तथ्यों की जांच के बाद ही जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

फायरिंग मामले से शुरू हुआ था विवाद

गौरतलब है कि पटना में ग्लोबल स्टडीज कोचिंग के संचालक खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के बीच विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस मामले में दोनों पक्षों के लोगों पर केस दर्ज किया गया था।फायरिंग मामले में रौशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव को आरोपी बनाया गया था, जबकि खान सर और उनके दो सुरक्षाकर्मियों के नाम भी केस में शामिल किए गए थे। पुलिस पहले ही खान सर के दो सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।अब प्रिंस यादव की मौत और खान सर के बयान के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। फिलहाल सभी की नजरें जांच एजेंसियों की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के निष्कर्षों पर टिकी हुई हैं।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular