Friday, June 12, 2026
Homeमध्यप्रदेशमध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव:BJP के तीनों प्रत्याशी निर्विरोध विजयी, कांग्रेस पहुंची सुप्रीम...

मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव:BJP के तीनों प्रत्याशी निर्विरोध विजयी, कांग्रेस पहुंची सुप्रीम कोर्ट

Anmol Sandesh News Desk,भोपाल

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीनों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं। चुनाव आयोग ने गुरुवार को तीनों विजयी उम्मीदवारों को जीत का प्रमाण पत्र सौंप दिया। हालांकि तीसरी सीट को लेकर सियासी विवाद अभी थमा नहीं है, क्योंकि कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है।राज्यसभा चुनाव के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा तीसरी सीट को लेकर रही। कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा खारिज किए जाने के बाद चुनावी मुकाबला खत्म हो गया और बीजेपी के सभी तीनों उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए।

नामांकन रद्द होने पर बढ़ा विवाद

बीजेपी ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने तेलंगाना से जुड़े एक आपराधिक मामले की जानकारी चुनावी दस्तावेजों में साझा नहीं की। आपत्ति की जांच के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने नामांकन को निरस्त कर दिया।इस फैसले के बाद कांग्रेस ने भोपाल से लेकर दिल्ली तक विरोध प्रदर्शन किया और मामले को चुनाव आयोग के समक्ष उठाया। कांग्रेस को उम्मीद थी कि आयोग इस मामले में हस्तक्षेप करेगा, लेकिन निर्धारित समय सीमा तक कोई फैसला नहीं आने के बाद चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ गई और बीजेपी उम्मीदवारों को विजयी घोषित कर दिया गया।

सुप्रीम कोर्ट पहुंची कांग्रेस

नामांकन रद्द किए जाने के फैसले को चुनौती देते हुए कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। पार्टी का आरोप है कि रिटर्निंग ऑफिसर का फैसला पक्षपातपूर्ण और कानून के विरुद्ध है।सुनवाई के दौरान कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने मामले को तत्काल सुनने की मांग की। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए कहा कि मामले पर विस्तृत सुनवाई शुक्रवार को की जाएगी।

चुनावी प्रक्रिया में दखल नहीं देगा कोर्ट

मामले से जुड़े अधिवक्ता संकेत गुप्ता ने बताया कि अदालत ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह चल रही चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करेगी। कोर्ट ने कहा कि मामले के शेष पहलुओं पर अगली सुनवाई में विचार किया जाएगा।अब इस पूरे विवाद पर सभी की निगाहें शुक्रवार को होने वाली सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं, जहां कांग्रेस की याचिका पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular