Anmol Sandesh News Desk,भोपाल
मध्य प्रदेश के राज्य प्रशासनिक और पुलिस सेवा अधिकारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य में इस वर्ष कुल 22 अधिकारियों को प्रमोशन का लाभ मिलने की संभावना है। इनमें 13 राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और 9 राज्य पुलिस सेवा (SPS) अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) कैडर में पदोन्नति मिल सकती है।जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त हुए प्रमोटी IAS और IPS अधिकारियों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग ने संभावित अधिकारियों की सूची तैयार कर ली है। अब संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक स्तर की समिति अधिकारियों के सेवा रिकॉर्ड, गोपनीय चरित्रावली (CR) और कार्य प्रदर्शन का मूल्यांकन करेगी।
39 अधिकारियों में से चुने जाएंगे 13 IAS
IAS पदोन्नति के लिए 13 रिक्त पदों के मुकाबले 39 अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। इनमें मुख्य रूप से 2007 और 2008 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी शामिल हैं। पात्रता और सेवा रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद अंतिम सूची UPSC को भेजी जाएगी, जिसके बाद विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित होगी।संभावित सूची में मिनिषा पांडे, इला तिवारी, नीता राठौर, शैलेंद्र सिंह सोलंकी, रानी पासी, रंजना देवड़ा, माधवी नागेंद्र, वर्षा सोलंकी, प्रियंका गोयल, अभिषेक दुबे, नरोत्तम प्रसाद भार्गव, निधि सिंह राजपूत, निमिषा जायसवाल और संदीप सोनी सहित कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं।हालांकि, 1999 बैच के जयेंद्र विजयवत और मनोज मालवीय आयु सीमा के कारण चयन प्रक्रिया से बाहर हो चुके हैं। वहीं 2002 बैच के कमल नागर का मामला न्यायालय में लंबित होने से उनके नाम पर भी संशय बना हुआ है। 2007 बैच की सपना एम. लोवंशी का नाम भी जांच लंबित होने के कारण अंतिम सूची से बाहर हो सकता है।
IPS अवार्ड की प्रक्रिया अंतिम चरण में
दूसरी ओर, IPS अवार्ड की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। गृह विभाग ने नौ रिक्त पदों के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक बुलाने का प्रस्ताव भेज दिया है। इस बार 1997 और 1998 बैच के राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा।
27 अधिकारियों की किस्मत दांव पर
IPS पदोन्नति की दौड़ में सीताराम, अमृत मीणा, निमिषा पांडेय, राजेश मिश्रा, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा सोनी, सुमन गुर्जर, संदीप मिश्रा, सब्यसाची सर्राफ, समर वर्मा और सत्येंद्र सिंह तोमर सहित कुल 27 अधिकारी शामिल हैं।हालांकि अमृत मीणा के जाति प्रमाण पत्र से जुड़े मामले और राजेश मिश्रा के खिलाफ विभागीय जांच लंबित होने के कारण उनके मामलों पर अंतिम निर्णय DPC बैठक में लिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इन मामलों को सीलबंद लिफाफे में भी रखा जा सकता है।
DPC बैठक पर टिकी निगाहें
अब सभी की नजरें विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक पर टिकी हैं। इसी बैठक में अधिकारियों की सेवा पुस्तिका, उपलब्धियों, गोपनीय रिपोर्ट और पात्रता के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा। चयनित अधिकारियों को IAS और IPS कैडर में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जो उनके प्रशासनिक करियर का सबसे बड़ा प्रमोशन माना जाता है।
